
रामगंजमंडी जिला अस्पताल में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र मीणा ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक सफाईकर्मी सोता हुआ मिला। डॉ. मीणा ने उसे फटकार लगाई और कार्यस्थल पर सही तरीके से काम करने के निर्देश दिए। अस्पताल में दो डायलिसिस मशीनों में से एक खराब मिली। डॉ. मीणा ने कंपनी मैनेजर से बात कर मशीन की तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक दूसरी मशीन ठीक नहीं होती, रविवार को छोड़कर सभी अवकाश के दिनों में भी एक मशीन से डायलिसिस जारी रखा जाए।
नई लैब के पीछे बायोवेस्ट का ढेर मिला। प्रभारी को गाइडलाइन के अनुसार इसके निस्तारण के निर्देश दिए गए। अस्पताल के बाहरी क्षेत्र में गोबर और गुटखे के पाउच मिलने पर ओपीडी प्रभारी को साफ-सफाई का जिम्मा सौंपा गया।
डॉ. मीणा ने सभी कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफॉर्म और आई कार्ड के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। मौसमी बीमारियों के लिए मच्छर रोधी वार्ड बनाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर रहकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग इंचार्ज कमलेश अजमेरा, सीनियर फार्मासिस्ट नीरज मीणा और नीरज मिश्रा मौजूद रहे।