
रामगंज मंडी की खैराबाद पंचायत समिति उप प्रधान पद के उप चुनाव रविवार को संपन्न हुए। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी स्वाति मीणा ने कांग्रेस प्रत्याशी नईमुद्दीन कुरैशी को कड़े मुकाबले में हराकर विजय प्राप्त की।
मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए गए। कुल 22 सदस्यों ने मतदान किया, जिसमें स्वाति मीणा को 8 वोटों से जीत मिली जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 7 वोट ही प्राप्त हुए। चुनाव के दौरान निष्कासित सदस्य नयन अखंड द्वारा मतदान करने पर भाजपा ने विरोध जताया और विजयी प्रत्याशी स्वाति मीणा ने इस पर रिटर्निंग अधिकारी को आपत्ति दर्ज कराई।
रिटर्निंग अधिकारी नेहा वर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई और परिणाम घोषित कर स्वाति मीणा को निर्वाचित प्रशस्ति पत्र सौंपा गया।
विजय के बाद मतदान केंद्र से बाहर आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आतिशबाजी कर स्वाति मीणा का भव्य स्वागत किया। उन्हें फूलमालाओं से लादकर खुशी जताई गई।
स्वाति मीणा ने जीत के बाद पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि –मुझे जितना भी समय मिलेगा, मैं पंचायत समिति के विकास को समर्पित करूंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर खटाना, प्रभारी इंद्र सिंह झाला, मंडल अध्यक्ष सांवरलाल, शैलेश कला, नरेंद्र व्यास, हंसराज रायका, पूर्व उपप्रधान सुनील गौतम, नेता विशाल श्रृंगी, पूर्व उपप्रधान भगवत सिंह, नितिन शर्मा, पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल, नरेंद्र कला, हत्याखेड़ी सरपंच प्रतिनिधि राजू बंजारा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।