
रामगंजमंडी. खैराबाद पंचायत समिति में 24 अगस्त रविवार को होने वाले उप प्रधान चुनाव को लेकर भाजपा ने पूरी रणनीति बना ली है। शुक्रवार शाम को भाजपा ने अपने 14 पंचायत समिति सदस्यों को अज्ञातवास (बाडाबंदी) के लिए रवाना कर दिया। इनमें भाजपा के 12 सदस्य बताए जा रहे हैं, जबकि दो कांग्रेस खेमे से जुड़े सदस्यों के भी भाजपा के साथ जाने की चर्चा है।
भाजपा की इस कवायद से साफ है कि पार्टी ने उप प्रधान चुनाव में बाजी मारने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। वहीं कांग्रेस खेमे की ओर से अब तक कोई बड़ी रणनीति या तैयारी सामने नहीं आई है। इससे कांग्रेस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
शुक्रवार शाम को भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर खटाना, उप जिला प्रमुख कृष्ण गोपाल अहीर और पूर्व प्रधान सुनील गौतम, ढाबादेह मण्डल अध्यक्ष साँवरलाल, सुकेत मण्डल अध्यक्ष नरेंद्र व्यास और जिला परिषद सदस्य धीरज सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में सभी सदस्य अज्ञातवास के लिए रवाना हुए। सभी रविवार को नामांकन और मतदान के दौरान खैराबाद पंचायत समिति पहुंचेंगे।
पंचायत समिति खैराबाद के 21 वार्डों में से 11 वार्डों पर भाजपा के सदस्य हैं। मौजूदा प्रधान कलावती मेघवाल भी भाजपा की ही सदस्य हैं। हालांकि उप प्रधान पद को लेकर भाजपा ने अभी तक आधिकारिक नाम घोषित नहीं किया है, लेकिन चर्चाओं का बाजार गर्म है।
क़यास यह भी लगाए जा रहे हैं कि पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर उप प्रधान पद के लिए महिला प्रत्याशी को प्राथमिकता देंगे। चेचट क्षेत्र की पंचायत समिति सदस्य स्वाती मीणा का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं, दो महीने पहले मंत्री दिलावर ने भगवत सिंह को प्रधान पद के लिए मनोनीत किया था। ऐसे में अब निर्वाचन प्रक्रिया में भगवत सिंह उप प्रधान की रेस में माने जा रहे हैं।