
रामगंजमंडी में राजमार्ग 52 पर शुक्रवार दोपहर में एक दर्दनाक हादसे में पामाखेड़ी निवासी 19 वर्षीय युवक पुष्पक की मौत हो गई। हादसा डिंगसी गांव के पास बिजासन माता मंदिर के समीप हुआ, जहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। युवक ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर पलटते ही युवक का सिर डिवाइडर से जा टकराया और वो ट्रैक्टर में ही फस गया।
परिजनों के अनुसार पुष्पक उदयपुर में ट्रेनिंग कर रहा था और गुरुवार देर रात ही घर लौटा था। शुक्रवार को उसने अपने मामा का नया ट्रैक्टर चलाने की इच्छा जताई। और ट्रैक्टर लेकर निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ट्रैक्टर को फास्ट लेन में रॉन्ग साइड से चला रहा था। अचानक उसने ट्रैक्टर को गांव की ओर मोड़ दिया, जिससे ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही टोल प्लाजा से एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद ट्रैक्टर में फंसे युवक को ग्रामीणों की मदद से निकालकर तुरंत सुकेत अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुष्पक की अचानक हुई इस मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई। माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि पुष्पक होनहार और व्यवहारिक युवक था। वह उदयपुर में प्रशिक्षण ले रहा था और छुट्टी लेकर घर आया था। फिलहाल मृतक युवक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जिसके पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।