
रामगंजमंडी में भाजपा-पुलिस विवादः मंडल अध्यक्ष का आरोप-पुलिसकर्मियों ने की हाथापाई, मोबाइल छीना; एक घंटे तक धरना
रामगंजमंडी के पीपल्दा में नेशनल हाईवे 52 पर सोमवार शाम को भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष सांवरलाल मेघवाल हाईवे का रास्ता खुलवाने के लिए कुछ ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे थे।
मेघवाल का आरोप है कि मोडक थाने के दो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ हाथापाई की। पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज की और घटना का वीडियो न बन सके, इसलिए उनका मोबाइल भी छीन लिया। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण हाईवे 52 पर धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलते ही डिप्टी घनश्याम मीणा और मोडक थाना एसएचओ उत्तम सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि जब तक दोनों पुलिस जवान सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगेंगे और उन्हें निलंबित नहीं किया जाएगा, धरना जारी रहेगा।
घटना शाम करीब 6 बजे की है। मंडल अध्यक्ष चार-पांच ग्रामीणों के साथ ढाबादेह से हाईवे पर आए थे। उन्होंने पीपल्दा से हाईवे मार्ग बंद करने का कारण पूछा। इसी दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया।
करीब एक घंटे तक हाईवे-52 पर धरना चला। इसके बाद डिप्टी घनश्याम मीणा ने ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया कि उनकी मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जा सकती है। आश्वासन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने धरना समाप्त