रामगंजमंडी में खेत पर महिला पर गिरी आकाशीय बिजली,मौत : खेत पर कार्य करते समय हादसा, मुआवजे की मांग

रामगंजमंडी क्षेत्र के गोयन्दा गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर कृषि कार्य कर रही महिला पर अचानक से आकाशीय बिजली गिर पड़ी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण खेत पर एकत्रित हो गए। वही परिजन ने मुआवजे की मांग की है।

मृतका की पहचान धापू बाई (55) निवासी गोयन्दा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार धापू बाई बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर अपने खेत पर सोयाबीन की फसल को देखने गई थीं। खेत पर पहुंचकर उन्होंने फसल की रखवाली के साथ चारे की कटाई का कार्य शुरू किया। तभी अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जो सीधे महिला के ऊपर आ गिरी। हादसे में धापू बाई की मौके पर ही मौत हो गई। बिजली गिरने से पास में रखे बिस्तर और अन्य सामान भी जलकर राख हो गए।महिला के शरीर पर गंभीर जलने के निशान पाए गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। सूचना पर खैराबाद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

सीआई मनोज सीकरवार ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचकर महिला के शव को अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम करवाया गया और परिजनों को सुपुर्द किया गया।

मृतका धापू बाई के परिवार में इकलौता बेटा है, जो कृषि कार्य कर घर का पालन-पोषण करता है। हादसे के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से आकाशीय बिजली गिरने से हुई मौत के मामले में मुआवजे की मांग की है।

JJC NEWS
Author: JJC NEWS

Leave a Comment

ये भी पढ़ें