79वें स्वतंत्रता दिवस पर रामगंजमंडी में देशभक्ति का महासंगम : 3 हजार विद्यार्थियों की प्रभात फेरी, गांधी चौक गूंजा ‘भारत माता की जय’ से

रामगंजमंडी। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ ही शहर की गलियां और चौक-चौराहे देशभक्ति के गीतों और नारों से गूंज उठे। राजकीय एवं निजी विद्यालयों के 12 स्कूलों से करीब तीन हजार छात्र-छात्राएं तिरंगे हाथों में लिए प्रभात फेरी में शामिल हुए। 7:30 बजे शुरू हुई यह भव्य यात्रा नगर की मुख्य सड़कों से होती हुई गांधी चौक पर समाप्त हुई, जहां चारों ओर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष गूंजते रहे।

मुख्य समारोह गांधी चौक पर आयोजित हुआ, जहां उपखंड अधिकारी चारू वर्मा ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान की धुन के साथ तिरंगे को सलामी दी। पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल की अध्यक्षता में हुए इस समारोह में तहसीलदार नेहा वर्मा, डीएसपी घनश्याम मीना, मनोज सिकरवार, भाजपा कार्यकर्ता, पार्षदगण एवं सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। एसडीएम ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण कर छात्रों और पुलिस बल के अनुशासन व जोश की सराहना की।

समारोह के दौरान शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच पर स्कूली बच्चों ने जहां राजस्थानी लोकगीतों पर रंगारंग नृत्य प्रस्तुत किए, वहीं स्वतंत्रता संग्राम की गाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह दोगुना किया।

नगर पालिका प्रशासन ने इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने के लिए 15 दिन पूर्व से तैयारियां शुरू कर दी थीं। गांधी चौक को अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ीकरण कराया गया, साथ ही तिरंगे रंग की झालरों, आकर्षक लाइटों और फूलों से सजावट कर पूरे क्षेत्र को जगमगा दिया गया।

मुख्य कार्यक्रम के बाद नगर पालिका कार्यालय में अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल ने ध्वजारोहण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि नगर के सभी वार्डों में सड़कों और नालियों का निर्माण कार्य प्राथमिकता से जारी है। इसी क्रम में शहीद स्मारक सहित विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

शहर में स्वतंत्रता दिवस का यह उत्सव केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि हर उम्र, हर वर्ग और हर गली-मोहल्ले तक देशभक्ति का संदेश देने वाला जनअभियान बन गया। बच्चों की मासूम आवाज में गूंजते देशभक्ति के नारे और बुजुर्गों की आंखों में चमकते गर्व के आंसू इस बात के साक्षी रहे कि रामगंजमंडी की धरती पर आज भी आज़ादी की लौ उतनी ही प्रखर जल रही है, जितनी 79 साल पहले जल उठी थी।

JJC NEWS
Author: JJC NEWS

Leave a Comment

ये भी पढ़ें