
अंजार नदी पुलिया पर से भारी वाहनों का बैन हटा
10 दिन बाद बहाल हुई आवाजाही, व्यापारियों ने ली राहत की सांस
रामगंजमंडी | राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को अंजार नदी पर बने क्षतिग्रस्त पुल का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और एनएचईआई अधिकारियों से पुलिया की स्थिति की जानकारी ली।
करीब 10 दिन पहले सार्वजनिक निर्माण विभाग की टेस्टिंग रिपोर्ट में दरारें सामने आने पर पुलिया पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी। यह पुलिया नेशनल हाईवे-52 पर स्थित है, जो रामगंजमंडी क्षेत्र को मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व से जोड़ती है।
भारी वाहनों के प्रतिबंध से रामगंजमंडी की कोटा स्टोन नगरी में व्यापार ठप्प पड़ गया था। ट्रक चालकों को रावतभाटा होते हुए कोटा जाना पड़ रहा था, जिससे करीब 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। इस वजह से माल भाड़ा बढ़ गया और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।
निरीक्षण के दौरान मंत्री दिलावर ने पाया कि पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट में बताई गई दरारें नई नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी हैं। इसके बाद उनके निर्देश पर भारी वाहनों का प्रतिबंध हटा दिया गया और 10 दिन बाद ट्रैफिक बहाल कर दिया गया।
मंत्री ने आदेश दिए कि पुलिया में जहां भी दरारें हैं, उनकी जल्द से जल्द मरम्मत की जाए और अधिकारियों को पुलिया की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीएम चारू वर्मा, पालिका अध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल, नितिन शर्मा, नरेंद्र काला, सांवरलाल मेघवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।